नई दिल्ली /प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रोजगार मेले में आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से 70 हजार नव-नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने इस अवसर पर कर्मचारियों को संबोधित भी किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत आज एक दशक पहले के मुकाबले अधिक मजबूत, सुरक्षित और शक्तिशाली देश है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी राजनीतिक स्थिरता, दृढ़-संकल्प सरकार और प्रगतिशील सुधारों के लिए जाना जाता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह रोजगार मेले अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और भाजपा सरकार की नई पहचान बन चुके हैं। उन्होंने इस बात प्रसन्नता व्यक्त की, कि भाजपा शासित राज्य सरकारे निरंतर ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज निजी और सार्वजनिक क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों में वृद्धि देखी जा रही है। श्री मोदी ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया और स्टैंड अप इंडिया कार्यक्रमों की मदद से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह समय उन लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं जो सरकारी सेवाओं में आ रहे हैं। आजादी का अमृतकाल अभी हाल में ही शुरू हुआ है। प्रधानमंत्री ने यह विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त कर्मचारी भारत को अगले 25 वर्षों में विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य पूरा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि राजनीतिक भ्रष्टाचार और आम लोगों के पैसों का दुरुपयोग पिछली सरकारों की पहचान बन चुका था लेकिन आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार अपने निर्णायक फैसलों के लिए जानी जाती है। उन्होंने कहा कि रोजगार का यह अभियान देश में पारदर्शिता और सुशासन का साक्ष्य है।

0 टिप्पणियाँ