Header Ads Widget

Responsive Advertisement

मध्यप्रदेश में भाजपा 150 से अधिक सीटें जीतेगी : अमित शाह


ग्वालियर / मध्य प्रदेश में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के रणनीतिकार अमित शाह ने पार्टी के लिए लक्ष्य तय कर दिया है और कहा है कि इस चुनाव में हमें 150 से अधिक सीटें जीतकर कांग्रेस को परास्त करना होगा। ग्वालियर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की वृहद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शाह ने पार्टी के नए सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि भाजपा का विजय अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है। जिस दिन पूरी दुनिया भारत माता के जयकारे लगाएगी, उस दिन यह लक्ष्य पूरा होगा।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता चुनाव जीतने के लिए बने हैं, क्योंकि विजय आपका स्वभाव है, आपका पराक्रम है और विजय ही आपका लक्ष्य है। हमें लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करना होगा। शाह ने कहा, मैं गारंटी के साथ आपसे कहता हूं कि 30 साल तक मध्यप्रदेश में पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का भगवा परचम लहराता रहेगा।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि ग्वालियर राजमाता विजयाराजे सिंधिया के पुण्य से सींची हुई भमि है, जहां एकात्म मानववाद को सबसे पहले पं. दीनदयाल उपाध्याय ने प्रतिपादित किया था। यह स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की कर्मभूमि है, यह कुशाभाऊ के संगठनात्मक तप की भूमि है। यहां उन्होंने पार्टी का जो बीज बोया था, वह आज वट वृक्ष बन गया है। उन्होंने कहा कि एक बार की विजय अगली विजय के उत्साह को पैदा करती है, परंतु बार-बार विजय मिले तो आलस्य पैदा होता है। इसलिए आलस्य को त्यागकर पूरे उत्साह के साथ कार्यकर्ताओं को जुटना होगा। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ