यूपी के गोपीगंज स्थित कोतवाली क्षेत्र के लालानगर टोल प्लाजा के समीप शनिवार को खाली पड़े प्लॉट में बॉक्स में बंद किशोरी का जला शव मिलने से सनसनी फैल गई। खबर मिलते ही एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन संग कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव का काफी हिस्सा जलने से उसकी शिनाख्त नहीं हो सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दियाl

शनिवार शाम को लालानगर निवासी सौरभ कुमार शौच के लिए टोल प्लाजा के समीप स्थित प्लॉट के पास गया। उसकी निगाह एक बॉक्स पर पड़ी जो जला हुआ था। नजदीक जाने पर उसमें एक किशोरी का शव दिखा। इसकी सूचना उसने पीआरबी पुलिस को दी।

पीआरबी पुलिस के साथ सदानंन्द सिंह प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव का ज्यादातर हिस्सा जला होने से उसकी पहचान नहीं हो सकी। घटनास्थल पर शव कब लाया गया, कौन लाया होगा इन सब बातों पर जांच चल रही है।